छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन तिहार के तीसरे चरण के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर ब्लॉक के सेक्टर सीतगांव का औचक निरीक्षण किया. अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने गुलाब के फूलों से उनका स्वागत किया.
मुख्यमंत्री सीतगांव में पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी लेंगे और उनसे फीडबैक प्राप्त करेंगे. उनका हेलीकॉप्टर आज मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर विकासखंड के महाराष्ट्र सीमा से सटे सीतागांव में उतरा.
मुख्यमंत्री यहां समाधान शिविर में शामिल होकर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर रहे हैं और फीडबैक ले रहे हैं. उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उनके साथ हैं.

सीतागांव को मुख्यमंत्री की सौगात
सीएम विष्णुदेव साय पहुंचे गांव, साथ लाए विकास की घोषणाएं
सुशासन तिहार’ के तीसरे चरण के तहत छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के सीतागांव पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों को कई विकास योजनाओं की सौगात दी। सीएम साय ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए तुरंत घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री द्वारा की गई प्रमुख घोषणाएं:
- सीतागांव उप स्वास्थ्य केंद्र का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नयन
- मोहला में बस स्टैंड और छात्रावास का निर्माण
- सीतापुर हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नत किया जाएगा
- अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में 132 केवी सब स्टेशन की स्थापना, जिससे बिजली समस्या होगी दूर
गौरतलब है कि ‘सुशासन तिहार’ का तीसरा चरण 5 मई से शुरू हो चुका है, जो 31 मई तक चलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अचानक और गोपनीय दौरे पर रहेंगे। वे बिना पूर्व सूचना के किसी भी जिले या गांव में पहुंच सकते हैं।

