
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद, कांग्रेस ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं और ऑपरेशन की पारदर्शिता और प्रभावशीलता पर जवाब मांगा। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने मीडिया से कहा कि 12 मई 2025 को DGMO द्वारा दी गई जानकारी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन में बताया गया कि भारतीय सेना ने आतंकियों के 9 अड्डों को एकसाथ ध्वस्त किया, जो एक बड़ी सफलता है। पाकिस्तान घुटनों पर आ गया और सीजफायर के लिए संपर्क किया। अगर फिर भी कोई इसे समझ नहीं पा रहा, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
साव का कांग्रेस पर तंज, “अब याद आया बैलाडीला?”
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस की ‘बैलाडीला बचाओ यात्रा’ की घोषणा पर कटाक्ष करते हुए कहा, “हर पार्टी को गतिविधियां करने का अधिकार है, लेकिन जो पार्टी देश को तोड़ने का काम करती है, वह भारत जोड़ो यात्रा निकालती है, और जिसने संविधान को अपमानित किया, वह संविधान बचाओ यात्रा निकालती है। कांग्रेस जनता से दूर हो चुकी है और अब शून्यता की ओर बढ़ रही है।”
गौरतलब है कि कांग्रेस पहले दो यात्राएं स्थगित कर चुकी है और अब ‘बैलाडीला बचाओ यात्रा’ निकालने की तैयारी कर रही है।
बीजेपी देशभर में तिरंगा यात्रा निकालेगी।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि पहलगाम की घटना के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए करारा जवाब दिया, यह संदेश दिया कि भारत आतंकवाद के खिलाफ किसी भी हद तक जा सकता है। उन्होंने बताया कि देशभर में राष्ट्रप्रेमी सेना के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, ताकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की जा सके।
