
रायपुर। पंजाब के अमृतसर में शादी समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच जरमल सिंह की सरेआम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के सरपंच की गोली मारकर हत्या करने वाले दो आरोपियों को पंजाब पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुखराज और कर्मवीर के रूप में हुई है। उन्हें कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
यह सनसनीखेज वारदात 4 जनवरी को अमृतसर के मैरी गोल्ड रिजॉर्ट नामक मैरिज पैलेस में हुई थी। सरपंच जरमल सिंह शादी समारोह में लड़की पक्ष की ओर से शामिल होने पहुंचे थे। खाना खाते समय दो बदमाश बिना मुंह ढके उनके पास पहुंचे और पीछे से सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सरपंच वहीं टेबल पर गिर पड़े। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मैरिज पैलेस में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि दोनों हमलावर आराम से चलते हुए सरपंच के पास पहुंचे, पिस्टल निकाली और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सरपंच जरमल सिंह पर पहले भी तीन बार हमले हो चुके थे, लेकिन वह हर बार बच गए थे। इस बार हमलावरों ने भीड़भाड़ वाले शादी समारोह में बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें कुछ लोगों ने इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में पहले हुए हमलों का भी जिक्र है। हालांकि पुलिस इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच जारी है।
वारदात के बाद आरोपी पंजाब से फरार होकर रायपुर में छिप गए थे। तकनीकी इनपुट और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पंजाब पुलिस ने रायपुर पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों को राजेंद्र नगर स्थित ऋषभ अपार्टमेंट इलाके से गिरफ्तार किया। अब उनसे पंजाब ले जाकर पूछताछ की जाएगी, ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।
