रायपुर। राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े कार चोरी और उठाईगिरी की घटना ने हड़कंप मचा दिया। शातिर चोरों ने तेलीबांधा इलाके में व्यवसायी की कार का शीशा तोड़कर 10 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक सामान पार कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद गंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, स्वर्णभूमि विधानसभा रोड निवासी व्यवसायी प्रवेश अग्रवाल ने गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी की शाम लगभग 4 बजे वे अपनी कार (CG-04-PE-9909) से रायपुर कोर्ट गए थे। उनके साथ जीजा प्रखर जिंदल भी थे। काम निपटाने के बाद वे शाम करीब 5.45 बजे अपोलो डायग्नोस्टिक क्लिनिक पहुंचे और कार को सड़क किनारे खड़ा कर अंदर चले गए। लगभग 6.20 बजे लौटने पर देखा कि कार के ड्राइवर साइड का पिछला कांच टूट चुका था और लैपटॉप बैग व स्लिंग बैग गायब थे।
पीड़ित ने बताया कि चोरी हुए बैग में 10 लाख रुपये नकद (500 रुपये के नोट), एक पुराना लेकिन कीमती एप्पल लैपटॉप (लगभग 1 लाख रुपये), सैमसंग टैब (करीब 25 हजार रुपये), सेंडिस्क एक्सटर्नल हार्ड डिस्क (लगभग 20 हजार रुपये) और पांच डेबिट/क्रेडिट कार्ड थे।
क्लिनिक के सीसीटीवी फुटेज में 4-5 संदिग्ध युवक कार के आसपास घूमते नजर आए। फुटेज में एक युवक नीली शर्ट पहनकर कार का कांच तोड़ते और बैग उठाकर ले जाते दिखा।

घटना की सूचना मिलते ही गंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5) और 305(सी) भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
