

छत्तीसगढ़ को मिला पहला सेमीकंडक्टर प्लांट, CM विष्णुदेव साय ने किया भूमिपूजन – नवा रायपुर बनेगा ‘सिलिकॉन वैली
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर में देश की अग्रणी सेमीकंडक्टर निर्माता कंपनी पोलीमैटेक इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड के अत्याधुनिक प्लांट की आधारशिला रखी। 1,143 करोड़ रुपये की लागत से डेढ़ लाख वर्ग फीट क्षेत्र में बनने वाला यह संयंत्र वर्ष 2030 तक 10 अरब सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन करेगा। इन चिप्स का उपयोग टेलीकॉम, 6जी/7जी नेटवर्क, लैपटॉप और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर को छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण बताया और कहा, “यह हमारे राज्य की तकनीकी प्रगति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। नवा रायपुर को हम छत्तीसगढ़ की सिलिकॉन वैली बनाएंगे।”
उन्होंने बताया कि राज्य की नई औद्योगिक नीति में सेमीकंडक्टर उद्योग को विशेष प्रोत्साहन दिए गए हैं, जिससे ऐसे निवेशों को बढ़ावा मिल रहा है। साय ने यह भी कहा कि विकसित राष्ट्र वही हैं जिन्होंने तकनीकी नवाचार और अनुसंधान में अग्रणी भूमिका निभाई है – अब छत्तीसगढ़ भी उसी दिशा में अग्रसर है।

निवेश की पृष्ठभूमि और तेज़ कार्यवाही
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दिसंबर 2024 में दिल्ली में आयोजित एक इंवेस्टर्स कनेक्ट प्रोग्राम में राज्य अधिकारियों की पोलीमैटेक प्रबंधन से मुलाकात हुई थी, जहां कंपनी ने छत्तीसगढ़ में निवेश की इच्छा जताई। इसके बाद राज्य सरकार ने नवा रायपुर के सेक्टर-5 में भूमि आबंटन, टेंडर प्रक्रिया और लीज डीड पंजीकरण जैसी प्रक्रियाएं रिकॉर्ड समय में पूरी कर निवेश को साकार किया।
युवाओं को रोजगार, टेक्नोलॉजी को बढ़ावा
इस प्लांट के माध्यम से राज्य के 5,000 से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। भूमिपूजन के अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कुछ युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए।
कंपनी का बड़ा निवेश प्रस्ताव
पोलीमैटेक के एमडी ईश्वर राव ने छत्तीसगढ़ सरकार की तत्परता और सहयोग के लिए धन्यवाद जताते हुए राज्य में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश से एक पावर मॉड्यूल फेब्रिकेशन प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा। यह संयंत्र ट्रांजिस्टर, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स जैसे क्षेत्रों में राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग
इस अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, उद्योग सचिव रजत कुमार, एनआरडीए के सीईओ सौरभ कुमार, सीएसआईडीसी के एमडी विश्वेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पोलीमैटेक कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
