
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ के सभी नगरीय निकायों में जैव अपशिष्ट और कृषि अपशिष्ट के प्रसंस्करण के लिए बायो-सीएनजी प्लांट स्थापित किए जाएंगे। रायपुर और भिलाई सहित आठ निकायों में भूमि का चिन्हांकन हो चुका है। इन स्थानों पर बीपीसीएल और गेल द्वारा 800 करोड़ रुपये के प्लांट लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 17 अप्रैल 2025 को आयोजित कैबिनेट बैठक में बायो-सीएनजी संयंत्रों के लिए सार्वजनिक उपक्रमों को एक रुपये प्रति वर्ग मीटर की रियायती दर पर भूमि आवंटित करने का निर्णय लिया गया था। कैबिनेट के निर्णय के बाद नगरीय प्रशासन विभाग ने सभी कलेक्टरों को भूमि आवंटन के निर्देश जारी कर दिए हैं।
बीपीसीएल और गेल को 1 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से 10 एकड़ जमीन 25 साल के लिए लीज पर दी जाएगी. इन संयंत्रों में जैव अपशिष्ट और कृषि अपशिष्ट का प्रसंस्करण किया जाएगा.
वर्तमान में, भारत में उपयोग होने वाली सीएनजी का लगभग 46% आयात किया जाता है. सरकार का लक्ष्य बायो-सीएनजी के उत्पादन और खपत को बढ़ाकर इस आयात निर्भरता को कम करना है. बायो-सीएनजी, जिसे बायो कंप्रेस्ड नेचुरल गैस भी कहा जाता है, मुख्य रूप से वाहनों के ईंधन और घरेलू ऊर्जा के रूप में इस्तेमाल होती है.
इसके अतिरिक्त, इसका उपयोग सीएनजी वाहनों को ईंधन देने, एलपीजी के विकल्प के तौर पर खाना पकाने और हीटिंग के लिए, बिजली उत्पादन के लिए, और कुछ उद्योगों में हीटिंग एवं अन्य प्रक्रियाओं के लिए किया जा सकता है.
केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का अनुमान है कि भारत में बायो-सीएनजी उत्पादन की क्षमता लगभग 70 मिलियन मीट्रिक टन है. इसका उत्पादन बाजार की मांग के अनुरूप होने से यह आर्थिक रूप से पूरी तरह व्यवहार्य है.
बायोसीएनजी जैविक कचरे जैसे पशु अपशिष्ट, खाद्य अपशिष्ट और औद्योगिक गाद को बायोगैस और डाइजेस्टेट में विघटित करके बनाई जाती है। यह प्रक्रिया अवायवीय पाचन नामक एक सीलबंद, ऑक्सीजन-रहित टैंक में होती है। फिर बायोगैस को संसाधित किया जाता है, जिससे 95% तक शुद्ध मीथेन गैस प्राप्त होती है। इस प्रक्रिया में उच्च गुणवत्ता वाला, सांद्रित तरल उर्वरक भी मिलता है।
शहरी प्रशासन विभाग के अनुसार, प्रदेश में आठ स्थानों पर भूमि का चयन किया गया है और इसके लिए एक महीने के भीतर निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निविदा को अंतिम रूप देने के बाद, निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
