
गोबरा नवापारा में कल रात अज्ञात चोरों ने एक बड़े अपराध को अंजाम दिया है। चोरों ने 50 लाख से ज़्यादा की चांदी और नकदी चुरा ली है। इस घटना से गोबरा नवापारा के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़ें: खास खबर: रायपुर प्रेस क्लब चुनाव के लिए मतदान जारी, क्लब के बाहर गहमागहमी का माहौल, पूरे प्रदेश की निगाहें टिकीं…
गोबरा नवापारा के गिट्टीपारा स्थित कमलेश ज्वेलर्स के बेसमेंट में घुसकर अज्ञात चोरों ने करीब 25 किलो चांदी और ढाई लाख रुपये नकद चुरा लिए। यह चोरी इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि दुकान से ही दुकानदार का घर भी जुड़ा हुआ है। दुकानदार को आज सुबह घटना के बारे में पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्धों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। इतनी बड़ी चोरी की घटना से नगर के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मध्य रात्रि के समय गोबरा नवापारा के चांदी चौक क्षेत्र में 8 से 10 अज्ञात नकाबपोश युवक हथियारों के साथ घूमते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से ही व्यापारी किसी बड़ी वारदात की आशंका जता रहे थे। इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की गंभीर घटना सामने आने से स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
