
रायपुर। राजधानी रायपुर में लोक निर्माण विभाग (PWD) की गंभीर लापरवाही सामने आई है। रविवार देर रात हीरापुर इलाके में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गड्ढा पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार द्वारा खुदवाया गया था, लेकिन वहां न तो कोई बैरिकेडिंग थी और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए थे।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिहार निवासी मुना कुमार के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में काम करता था। वह रोज की तरह रात में ड्यूटी पर जा रहा था, तभी सड़क पर खुले गड्ढे में गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण उसकी हालत और बिगड़ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी सुबह मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है।
